समस्तीपुर, 03 दिसम्बर (राजेश झा) शिवाजी नगर थाना क्षेत्र के परसा गांव की गुड़िया कुमारी हत्या कांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। 11 अगस्त को छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद आरोपी फरार था। लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने आखिरकार असम के गुवाहाटी स्थित ज्योतिनगर आरपीएफ कॉलोनी से आरोपी कुमोद कुमार उर्फ रघु नहारे को धर दबोचा।

वह नालंदा के नीमगंज का रहने वाला और दरभंगा के बहेड़ी में निजी स्कूल में शिक्षक था।रोसड़ा एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि आरोपी मृतका की बड़ी बहन से शादी करना चाहता था, इसी रंजिश में उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल, मृतका का मोबाइल और फरारी के दौरान खरीदे गए रेल टिकट बरामद किए हैं।छापेमारी टीम में शिवाजी नगर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, अपर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार, सअनि नरेश पासवान समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।

