बक्सर, 08 दिसंबर (विक्रांत) खेल विभाग, बिहार सरकार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय “मशाल” खेल प्रतियोगिता 8 से 10 दिसंबर 2025 तक पूर्वी चंपारण में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में कबड्डी (बालक) अंडर-14 तथा फुटबॉल (बालक) अंडर-14/16 मुकाबले खेले जाएंगे।

इसी क्रम में बक्सर जिले की चयनित टीमों को 7 दिसंबर को आलोक नारायण वत्स, वरीय उप समाहर्ता सह उपाधीक्षक, शारीरिक शिक्षा बक्सर एवं रवि बहादुर, वरीय उपसमाहर्ता बक्सर ने खिलाड़ियों को खेल पोशाक प्रदान कर उनका मनोबल बढ़ाया। अधिकारियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया। फुटबॉल अंडर-14 एवं 16 टीम की जिम्मेदारी टीम प्रभारी मोहन सिंह (+2 उच्च विद्यालय बड़का राजपुर) को सौंपी गई है।

अंडर-14 फुटबॉल टीम में बिट्टू कुमार, अभिनंदन बैठा, अरमान शाह, श्रीकांत प्रसाद, पवन कुमार, बबलू कुमार, आशीष कुमार शामिल हैं। अंडर-16 फुटबॉल टीम में अखिलेश कुमार, बनारसी कुमार, ऋतुराज कुमार, कमल शर्मा चयनित हुए हैं। वहीं अंडर-16 कबड्डी (बालक) टीम के प्रभारी राजू कुमार (+2 उच्च विद्यालय नैनीजोर) हैं। टीम में सूरज कुमार, रंजन राय, पवन कुमार, विजय प्रकाश शाह, शिवम राय एवं कृष्ण कुमार राय शामिल किए गए हैं। मौके पर मदन कुमार, सत्येंद्र कुमार सिंह, संजय कुमार, अश्विनी कुमार राय, राकेश रंजन उपाध्याय एवं वशिष्ठ प्रसाद (शारीरिक शिक्षक) उपस्थित रहे।

