नई दिल्ली, 12 दिसम्बर (अशोक “अश्क”) अंडर-19 एशिया कप में बुधवार भारतीय क्रिकेट ने वो कर दिखाया जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। महज 14 साल के वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक 171 रनों की पारी के दम पर टीम इंडिया ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 433 रन ठोककर टूर्नामेंट का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बना दिया। उल्लेखनीय है कि इससे पहले एशिया कप में कभी 400 का आंकड़ा भी नहीं छू सका था।

टॉस हारने के बाद भी भारत ने आक्रामक शुरुआत की। वैभव ने मात्र 56 गेंदों में शतक जमाया और 95 गेंद में 9 चौकों व 14 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 171 रन बनाकर विपक्षी गेंदबाजों की कमर तोड़ दी। उनके 14 छक्के यूथ वनडे में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड है, जो पहले ऑस्ट्रेलिया के माइकल हिल (12 छक्के, 2008) के नाम था।
वैभव के बाद तीसरे नंबर पर उतरे आरोन जॉर्ज ने 73 गेंद में 69 रन की अहम पारी खेली, जबकि विहान मल्होत्रा ने 55 गेंद पर 69 रन जोड़कर भारतीय स्कोर को गति दी। पारी के अंतिम ओवरों में अभिज्ञान कुंडू (17 गेंद, नाबाद 32) और कनिष्क चौहान (12 गेंद, 28 रन) ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर स्कोर को रिकॉर्ड ऊंचाई तक पहुंचा दिया।
हालांकि कप्तान आयुष म्हात्रे जल्दी लौट गए, लेकिन वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी ने साबित कर दिया कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य स्वर्णिम है।

