पटना, 12 दिसम्बर (पटना डेस्क) औरंगाबाद में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात में अपराधियों ने बाइक पर घर लौट रहे भाई-बहन को गोलियों से भून दिया। लूट का विरोध करने पर की गई इस घटना में विकास कुमार (20) और उनकी बहन वंदना कुमारी (23) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए मगध मेडिकल कॉलेज, गया रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार दोनों ओबरा थाना क्षेत्र के बिहारी बिगहा निवासी योगेंद्र पासवान के बच्चे हैं। घटना जम्होर के शीशो बिगहा गांव के पास हुई। विकास अपनी बहन को जीविका की परीक्षा दिलाकर लौट रहा था। कारा मोड़ पर उन्होंने चचेरे भाई सुशील पासवान को बाइक लेकर आने को कहा। तीनों एक ही बाइक पर जा रहे थे कि बदमाशों ने उन्हें रोक लिया, मोबाइल और पैसे लूटे और विरोध करने पर फायरिंग कर दी। गोली विकास के सीने और वंदना के हाथ में लगी।
सुशील के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। जम्होर थानाध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद ने बताया कि अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है, जिससे अपराध बढ़ रहे हैं। लोजपा रामविलास के प्रखंड अध्यक्ष अशोक पासवान ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में अपराधियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो आंदोलन छेड़ा जाएगा। शुक्रवार को एसपी अंबरीश राहुल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अपराधियों को जल्द पकड़ने व कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

