पटना, 13 दिसम्बर (पटना डेस्क) उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) में अंदरूनी कलह के संकेत मिलने लगे हैं। पार्टी विधायक रामेश्वर कुमार महतो के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है। शुक्रवार को उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि राजनीति में सफलता केवल भाषणों से नहीं, बल्कि सच्ची नीयत और दृढ़ नीति से मिलती है।

जब नेतृत्व की नीयत धुंधली हो जाए और नीतियां जनहित से हटकर स्वार्थ की ओर मुड़ने लगें, तब जनता को ज्यादा दिनों तक भ्रम में नहीं रखा जा सकता।उन्होंने आगे लिखा कि आज का नागरिक जागरूक है और हर निर्णय, हर इरादे को बारीकी से परखता है। हालांकि पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया गया, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे पार्टी नेतृत्व पर अप्रत्यक्ष निशाना माना जा रहा है।पोस्ट सामने आने के कुछ ही देर बाद उपेंद्र कुशवाहा के बेटे और बिहार सरकार में मंत्री दीपक प्रकाश ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने ट्वीट नहीं देखा है, लेकिन यदि कोई समस्या है तो उसे परिवार के भीतर सुलझाना चाहिए, न कि सार्वजनिक मंच पर।गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में आरएलएम ने एनडीए के तहत 6 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमें 4 सीटों पर जीत मिली थी। इन विधायकों में रामेश्वर महतो, माधव आनंद, आलोक कुमार सिंह और स्नेहलता कुशवाहा शामिल हैं।

