समस्तीपुर, 14 दिसम्बर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर जंक्शन पर शनिवार की रात एक हृदयविदारक हादसे में ट्रेन से गिरकर एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना प्लेटफार्म नंबर पर उस समय हुई, जब यात्री चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास कर रहा था। हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरातफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक पहले जयनगर-समस्तीपुर पैसेंजर ट्रेन (55520) से स्टेशन पर उतरा था। इसके बाद वह जयनगर से नई दिल्ली जाने वाली स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस (12561) में सवार हो गया। ट्रेन खुलने के बाद वह नीचे उतरने लगा, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे ट्रैक पर जा गिरा। हादसे में उसका बायां पैर और दाहिना हाथ कट गया।घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक के पास से न तो रेल टिकट बरामद हुआ और न ही कोई पहचान से संबंधित कागजात मिले हैं।सूचना मिलने पर रेल पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। जीआरपी थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर बीरबल कुमार राय ने बताया कि यात्री की पहचान अभी नहीं हो सकी है। नियमानुसार शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा। यदि इस दौरान पहचान नहीं हो पाती है, तो विधि सम्मत तरीके से अंतिम संस्कार किया जाएगा। पुलिस मृतक की शिनाख्त में जुटी है।

