बक्सर, 19 दिसंबर (विक्रांत) बक्सर जिले की धरती अब ऊर्जा क्रांति की दहलीज पर खड़ी नजर आ रही है। केंद्र सरकार की एजेंसी अल्फाजियो इंडिया लिमिटेड सिमरी अंचल क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांवों में तेल और गैस की संभावनाओं की तलाश शुरू करने जा रही है। ‘मिशन अन्वेषण’ योजना के तहत सिमरी अंचल के कुल 30 गांवों को खोज के लिए चिन्हित किया गया है, जिससे पूरे इलाके में उत्सुकता और चर्चा तेज हो गई है।

जिन गांवों में सर्वे किया जाएगा, उनमें सिंघनपुरा, बरवत्तरा, केशोपुर, मानिकपुर, पुरंदरपुर, राजपुर कला, लक्ष्मीपुर, नागपुरा, डुमरी, चुनीटाड़, गोप भरौली, पैगंबरपुर, खरगपुर, नारायणपुर विसेन, सईहार भागर, रानीपट्टी, रामपुर, दुबौली महेश, नया सिंघनपुरा, कठार, सरंगा, सिमरी सहित अन्य गांव शामिल हैं।तेल और गैस खोज के पहले चरण में 2डी सिस्मिक सर्वे कार्य किया जाएगा। अल्फाजियो इंडिया लिमिटेड के पार्टी चीफ क्रू-2 सी. रामकृपाल ने जिलाधिकारी, अनुमंडलाधिकारी, अंचलाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी को पत्र भेजकर सर्वे के दौरान प्रशासनिक सहयोग की मांग की है।कंपनी के अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना राष्ट्रीय ऊर्जा सुरक्षा की दिशा में अहम कदम है, जिसका उद्देश्य स्वदेशी तेल-गैस संसाधनों की पहचान करना है। सर्वे दल प्रतिदिन 5 से 8 किलोमीटर तक तय करेगा। डुमरांव एसडीओ ने बताया कि प्रशासन इस महत्वपूर्ण कार्य में हरसंभव सहयोग के लिए पूरी तरह तैयार है।

