
पटना, 22 दिसम्बर (पटना डेस्क) हिजाब विवाद के बीच बिहार की राजनीति से जुड़ी बड़ी सियासी हलचल सोमवार को दिल्ली में देखने को मिली, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अलग-अलग मुलाकात की। पीएम मोदी और नीतीश कुमार के बीच करीब 30 मिनट तक बंद कमरे में बातचीत हुई, जिसने राजनीतिक गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है।

इस अहम मुलाकात में नीतीश कुमार के साथ केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे। तीनों नेता एक ही कार से प्रधानमंत्री आवास पहुंचे, जिससे इस बैठक को और भी खास माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक बातचीत के दौरान बिहार से जुड़े राजनीतिक और प्रशासनिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को पटना से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। बिहार विधानसभा चुनाव में भारी जीत के बाद यह उनका पहला दिल्ली दौरा बताया जा रहा है। इस दौरे को एनडीए के भीतर भविष्य की रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद नीतीश कुमार सीधे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पहुंचे। शाह और नीतीश के बीच लगभग 20 मिनट तक बातचीत हुई। बताया जा रहा है कि इस बैठक में राज्यसभा की संभावित सीटों, संगठनात्मक संतुलन और बिहार के विकास रोडमैप पर गहन चर्चा हुई।हिजाब विवाद के बीच हुई इन उच्चस्तरीय बैठकों ने राजनीतिक संकेतों को और तेज कर दिया है। अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि दिल्ली में हुई इस मंत्रणा का असर बिहार की राजनीति और आने वाले फैसलों पर कैसे दिखाई देता है।

