
बक्सर, 23 दिसंबर (विक्रांत) प्रतापसागर स्थित मेथोडिस्ट अस्पताल के प्रांगण में सोमवार की देर शाम मेथोडिस्ट परिवार की ओर से क्रिसमस-डे का भव्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रभु यीशु के जन्मोत्सव को लेकर आयोजित इस समारोह में मेथोडिस्ट परिवार से जुड़े युवाओं ने प्रेरणादायक नाटक और लघु नाटक का मंचन किया। नाटक का निर्देशन प्रदीप धारी ने किया। मरियम की भूमिका शीला लाल, युसूफ की भूमिका विमल लाल, यीशु की भूमिका धर्मवीर यादव, राजा की भूमिका रौशन लाल, मंत्री की भूमिका मनोज कुमार ने निभाई।सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गुडु एंड ग्रुप ने भी रंगारंग प्रस्तुति दी।

दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन डुमरांव व्यवहार न्यायालय के न्यायिक अधिकारी मुंसिफ प्रतिक मिश्रा, बक्सर के पीओ सोनालिका, पीओ सोनेश मिश्रा और लखनऊ स्थित क्रिस्चन कॉलेज के सचिव मोहित स्टीफन ने संयुक्त रूप से किया। न्यायिक अधिकारी ने संबोधन में कहा कि प्रभु यीशु के जीवन से सामान्य जन को प्रेरणा लेनी चाहिए और मानव अपने कर्मों से महान बनता है।

अस्पताल अधीक्षक डा. आर.के. सिंह, प्रबंधक डा. विजय कुमार सिंह सहित चिकित्सक और कर्मचारी कार्यक्रम में उपस्थित रहे और अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। समारोह का संचालन नेहा निवेदिता ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत पास्टर अरविंद सिंह की पारंपरिक प्रार्थना सभा से हुई। पूरे आयोजन में धर्म, संस्कृति और रचनात्मकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।

