
पटना, 23 दिसंबर (पटना डेस्क) मुजफ्फरपुर के मनियारी थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई, जब एक पति ने अपने ही हाथों पत्नी की हत्या कर दी। मृतका की पहचान सुरजी देवी (50) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पति ने धारदार हथियार से पत्नी का गला रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया।जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच वर्षों से तनाव था। पति अक्सर पत्नी को समझाता कि किसी अन्य व्यक्ति से संबंध न बनाए, लेकिन वह अपने जीजा के साथ अवैध संबंध बनाए हुए थी।

इस मामले को लेकर दोनों परिवारों में 2-3 बार पंचायती भी हुई थी।पुलिस ने बताया कि तीन दिन पहले पति ने पत्नी को अपने जीजा के साथ अवैध संबंध बनाते देखा था। तनाव में आकर पत्नी ने कीटनाशक दवा भी खाई थी, लेकिन उल्टी होने के कारण उसकी जान बच गई थी। करीब 30 साल पहले हुई शादी में एक बेटी और एक बेटा है। बेटी की शादी हो चुकी है जबकि बेटा अविवाहित है और मनियारी अस्पताल में एम्बुलेंस चालक है।घटना की सूचना मिलते ही मनियारी थानाध्यक्ष जेपी गुप्ता और डीएसपी पश्चिमी एसी ज्ञानी तत्काल मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।एफएसएल टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई है और हर पहलू से सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं। पुलिस घटना को पति-पत्नी के व्यक्तिगत विवाद और अवैध संबंध से जुड़ा मामला मान रही है। स्थानीय लोग इस वारदात से स्तब्ध हैं और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित हैं।अधिकारियों ने कहा कि जल्द ही विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत की जाएगी।

