
बक्सर, 23 दिसंबर (विक्रांत) जिले में शीतकाल को देखते हुए जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला ने 22 दिसंबर को रैन बसेरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य ठंड से प्रभावित जरूरतमंद और बेसहारा व्यक्तियों को रैन बसेरा में उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेना था।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने बिस्तर, कंबल, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मूलभूत सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराई जाएं और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखा जाए।जिला पदाधिकारी ने यह भी सुनिश्चित करने का आदेश दिया कि ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त संख्या में कंबल उपलब्ध हों और किसी भी जरूरतमंद को असुविधा का सामना न करना पड़े।

श्रीमती साहिला ने कहा कि रैन बसेरों का नियमित निरीक्षण जारी रहेगा, ताकि जरूरतमंदों को बेहतर सुविधा मिल सके और किसी को ठंड के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े।

