
समस्तीपुर, 23 दिसंबर (मोहम्मद जमशेद) जिलाधिकारी समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा ने ताजपुर अंचल के निर्माणाधीन विद्युत उपकेंद्र (सब-स्टेशन) एवं आवासीय परिसर का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यपालक अभियंता, विद्युत ग्रिड और अन्य संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और समय पर पूर्ण करने के सख्त दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने इसके बाद ताजपुर अंचल के रामापुर महेशपुर पंचायत स्थित निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन का भी निरीक्षण किया।

इस अवसर पर उन्होंने अभियंताओं, जिला पंचायत राज और प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।निरीक्षण में अपर समाहर्ता समस्तीपुर श्री ब्रजेश कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन श्री राजेश सिंह, जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्री विष्णु देव मंडल, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री एकराम अली और अंचल अधिकारी ताजपुर सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता होगी।

