
पटना, 24 दिसम्बर (पटना डेस्क) बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के सख्त निर्देश पर राज्य के सभी राजस्व कर्मचारी, अधिकारी और अंचल अधिकारी की छुट्टियां 31 दिसंबर तक रद्द कर दी गई हैं। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने आदेश जारी करते हुए सप्ताह के छह दिन सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक अनिवार्य कार्य करने का निर्देश दिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा और सभी कार्यालयों में लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का लक्ष्य तय किया गया है।

विभाग ने बताया कि बड़ी संख्या में परिमार्जन, दाखिल खारिज और राजस्व महाअभियान से जुड़े आवेदन लंबे समय से लंबित हैं। डिप्टी सीएम ने विभागीय समीक्षा के दौरान इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए 31 दिसंबर तक सभी मामलों के समाधान का अल्टीमेटम दिया। निर्देश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि 31 दिसंबर 2025 तक पहले से स्वीकृत आकस्मिक अवकाश और अर्जित अवकाश स्वतः रद्द माने जाएंगे।

दूसरी ओर विभाग ने फर्जी नियुक्ति पत्र के मामले में भी कड़ा रुख अपनाते हुए एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया है। उप सचिव संजय कुमार सिंह के पत्र पर सचिवालय थाना पटना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जांच में सामने आया है कि मुजफ्फरपुर निवासी अमन कुमार ने फर्जी पत्रांक के आधार पर खुद को सीनियर सेक्शन ऑफिसर बताकर योगदान देने की कोशिश की।
प्रधान सचिव सीके अनिल ने स्पष्ट कहा कि विभाग में फर्जीवाड़ा और कूटरचना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सूत्रों का कहना है कि लंबित मामलों के निष्पादन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर मंत्री स्तर से कड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है।

