
पटना, 24 दिसम्बर (पटना डेस्क) बिहार की सियासत में एक बार फिर घमासान मच गया है। जदयू ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के कथित विदेश दौरे को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर दावा किया है कि तेजस्वी यादव हिस्ट्रीशीटर और इनामी अपराधियों के साथ विदेश यात्रा पर गए थे।

पार्टी ने इस पूरे मामले को कानून-व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़ते हुए कड़ी निगरानी की मांग की है।जदयू के पत्र के अनुसार, 5 दिसंबर 2025 को, जब बिहार विधानसभा का सत्र चल रहा था, उसी दौरान तेजस्वी यादव के विदेश जाने की जानकारी सामने आई। आरोप है कि इस यात्रा में उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती निवासी हिस्ट्रीशीटर रमीज़ नेमत खान और वांटेड अपराधी देवा गुप्ता भी शामिल थे।पत्र में दावा किया गया है कि रमीज़ नेमत खान का आपराधिक पारिवारिक बैकग्राउंड रहा है।

उसके ससुर रिज़वान ज़हीर खान समाजवादी पार्टी से सांसद और विधायक रह चुके हैं और फिलहाल एक हत्या के मामले में जेल में बंद हैं। जदयू ने यह भी आरोप लगाया कि 2021 के पंचायत चुनाव के दौरान रमीज़ और उसके परिजनों की एक गला रेतकर हत्या के मामले में गिरफ्तारी हुई थी।जदयू ने दावा किया कि देवा गुप्ता पूर्वी चंपारण पुलिस की टॉप-100 वांटेड सूची में शामिल है, जिस पर करीब 28 संगीन मामले दर्ज हैं और एक लाख का इनाम घोषित है। पार्टी ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेने की अपील की है।

