
पटना, 02 जनवरी (पटना डेस्क) बिहार में नई सरकार के गठन के साथ ही कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त तेवर दिखाई देने लगे हैं। राज्य के गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने शपथ लेते ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तर्ज पर अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का संदेश दे दिया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को पटना पुलिस और कुख्यात अपराधी मैनेजर राय के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें मैनेजर राय गोली लगने से जख्मी हो गया।

पुलिस के अनुसार, खगौल थाना क्षेत्र के खगौल लख के पास पुलिस ने मैनेजर राय को घेर लिया। खुद को फंसा देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों ओर से करीब छह राउंड गोलियां चलीं, जिसमें एक गोली मैनेजर राय के पैर में लगी। घायल हालत में उसे पटना एम्स में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से पुलिस ने एक कट्टा और दो कारतूस बरामद किए हैं।मैनेजर राय वही अपराधी है, जिसने बिहार के पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय के दामाद से रंगदारी की मांग की थी।

उस पर हत्या, रंगदारी और लूटपाट समेत करीब 20 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, वह 2022 के डॉ. मो. अनवर आलम हत्याकांड में भी शामिल रहा है।पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि मैनेजर राय लंबे समय से पुलिस की रडार पर था और उस पर इनाम भी घोषित था। नई सरकार बनने के बाद यह आठवां पुलिस एनकाउंटर है। इससे पहले बुधवार को नक्सली दयानंद मुठभेड़ में मारा गया था। पुलिस ने साफ कर दिया है कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और तेज होगी।

