नई दिल्ली, 20 सितम्बर (अशोक “अश्क”) भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने ओमान के खिलाफ ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में नया इतिहास रच दिया। अर्शदीप ने पारी के अंतिम ओवर में विनायक शुक्ला का विकेट लेकर अपने T20I करियर के 100 विकेट पूरे किए। इस उपलब्धि के साथ अर्शदीप ने T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 100 विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज बनने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ओमान को 189 रनों का लक्ष्य दिया था। जवाब में ओमान की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 167 रन बनाए, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सकी। मैच में अर्शदीप को सिर्फ एक विकेट मिला, मगर वह विकेट उन्हें इतिहास के पन्नों में ले गया।
सबसे तेज 100 T20I विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज
- अर्शदीप सिंह – 64 पारियां
- रिजवान बट – 66 पारियां
- हारिस रऊफ – 69 पारियां
- बिलाल खान – 71 पारियां
- मार्क अडायर – 72 पारियां
- शाहीन अफरीदी – 74 पारियां
- जुनैद सिद्दीकी – 74 पारियां
- लसिथ मलिंगा – 76 पारियां
इससे पहले यह रिकॉर्ड बहरीन के रिजवान बट के नाम था, जिन्होंने 66 पारियों में 100 विकेट लिए थे। फुल मेंबर देशों के खिलाड़ियों में पाकिस्तान के हारिस रऊफ ने 69 पारियों में यह आंकड़ा छुआ था। लेकिन अब अर्शदीप ने 64 पारियों में यह उपलब्धि हासिल कर सबको पीछे छोड़ दिया है।
स्पिनर्स के मुकाबले कहां खड़े हैं अर्शदीप?
अगर तेज गेंदबाजों के अलावा स्पिनर्स को भी शामिल किया जाए, तो अर्शदीप सिंह सबसे कम गेंदों और सबसे कम मैचों में 100 T20I विकेट लेने वालों की लिस्ट में भी टॉप-3 में शामिल हैं।
सबसे कम गेंदों में 100 विकेट:
- राशिद खान – 1185 गेंद
- संदीप लामिछाने – 1220 गेंद
- अर्शदीप सिंह – 1329 गेंद
- वानिंदु हसरंगा – 1368 गेंद
सबसे कम मैचों में 100 विकेट (फुल मेंबर टीमें):
- राशिद खान – 53 मैच
- वानिंदु हसरंगा – 63 मैच
- अर्शदीप सिंह – 64 मैच
- हारिस रऊफ – 71 मैच
- मार्क अडायर – 72 मैच
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ अर्शदीप सिंह ने खुद को दुनिया के शीर्ष T20 गेंदबाजों की फेहरिस्त में शामिल कर लिया है। उनके प्रदर्शन ने भारतीय टीम को न सिर्फ मजबूती दी है, बल्कि भविष्य में एक विश्वस्तरीय मैच विनर तेज गेंदबाज के रूप में उम्मीदें भी जगा दी है।

