
पटना, 23 फरवरी (अविनाश कुमार) अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 में बल्ले से धमाल मचाने वाले समस्तीपुर के लाल वैभव सूर्यवंशी का रविवार को पटना में भव्य स्वागत हुआ।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1, अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ ऑडिटोरियम में 14 वर्षीय क्रिकेट सनसनी को 50 लाख रुपये का चेक और शॉल देकर सम्मानित किया। कम उम्र में उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि ने बिहार ही नहीं, पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। समारोह में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैभव ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से भारतीय क्रिकेट को नई उम्मीद दी है और वे बिहार के बच्चों के लिए प्रेरणा हैं।अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 175 रन की विस्फोटक पारी खेलकर वैभव ने भारत को चैंपियन बनाया। 12 साल की उम्र में रणजी ट्रॉफी खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनकर उन्होंने पहले ही इतिहास रच दिया था। अब पूरा बिहार इस उभरते सितारे के उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहा है।

