नई दिल्ली, 22 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) निर्देशक अभिनव कश्यप ने एक बार फिर खान परिवार पर निशाना साधते हुए अरबाज खान और मलाइका अरोड़ा को लेकर बड़ा दावा किया है। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि फिल्म ‘दबंग’ के मशहूर गाने ‘मुन्नी बदनाम हुई’ में मलाइका को लेने को लेकर अरबाज शुरुआत में सहमत नहीं थे।

अभिनव के मुताबिक, अरबाज इस गाने को मलाइका के लिए अश्लील मानते थे और नहीं चाहते थे कि उनकी पत्नी को ‘आइटम गर्ल’ कहा जाए। निर्देशक ने कहा, “अरबाज इस बात से असहज थे कि मलाइका ऐसा रॉन्ची आइटम सॉन्ग करें। उन्होंने इसे परिवार की छवि के खिलाफ माना। लेकिन मैंने उन्हें समझाया कि मलाइका अपनी सौतेली सास हेलेन की तरह एक स्थापित आइटम डांसर हैं और यह गाना उनकी प्रतिभा को दिखाने का मौका होगा।”

अभिनव ने यह भी जोड़ा कि अरबाज और सलमान खान की ‘कूल’ इमेज के पीछे, वे एक रूढ़िवादी मुस्लिम परिवार से आते हैं, जहां महिलाओं के पहनावे को लेकर सख्त सोच है। उन्होंने कहा कि सलमान को भी मलाइका के पहनावे और सलमान के साथ परफॉर्म करने पर आपत्ति थी।
निर्देशक का कहना है कि मलाइका एक स्वतंत्र और मजबूत महिला हैं और उन्होंने अपने फैसले खुद लिए। हालांकि, अरबाज को मनाने में उन्हें काफी समय लगा। अंततः अरबाज मान गए और यह गाना एक ब्लॉकबस्टर हिट बन गया।
गौरतलब है कि ‘मुन्नी बदनाम’ साल 2010 में रिलीज हुई फिल्म ‘दबंग’ का सुपरहिट गाना था। उस वक्त मलाइका और अरबाज साथ थे। उनका तलाक 2017 में हुआ था। हाल ही में अरबाज ने शूरा खान से दूसरी शादी की है और दोनों ने एक बेबी गर्ल का स्वागत किया है।

