
पटना डेस्क । बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार दास के छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। आय से करीब 80 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में निगरानी थाना कांड संख्या 137/26 दर्ज होने के बाद विशेष टीम ने 26 नवंबर को पटना,भागलपुर,नवगछिया,कटिहार,मुंगेर व सासाराम स्थित आवासों एवं कार्यालयों की तलाशी ली। इस कार्रवाई से विभागीय और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
निगरानी अन्वेषण के डीएसपी ने बताया कि अजीत कुमार दास वर्तमान में ग्रामीण कार्य विभाग के भागलपुर प्रमंडल में कार्यपालक अभियंता के पद पर तैनात हैं। उनके खिलाफ 23 नवंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच में उनकी कुल ज्ञात आय की तुलना में लगभग 80 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला सामने आया है।
2.54 करोड़ की अचल संपत्ति, 12.30 लाख की चल संपत्ति
निगरानी की प्रारंभिक जांच में अभियुक्त और उनके परिजनों के नाम पर कुल 16 अचल संपत्तियों का पता चला है,जिनका अनुमानित मूल्य 2 करोड़ 54 लाख 24 हजार 880 रुपये बताया गया है। इसके अलावा तीन चल संपत्तियों का मूल्य 12 लाख 30 हजार रुपये आंका गया है। वहीं,आय से अधिक अर्जित संपत्ति के रूप में 1 करोड़ 52 लाख 4 हजार 880 रुपये का मामला दर्ज किया गया है।
-पत्नी के नाम पर सिलीगुड़ी में 92 डिसमिल जमीन
छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और निवेश से जुड़े कागजात बरामद किए गए हैं। इनमें पटना में खरीदे गए दो फ्लैटों के डीड,बैंक,शेयर और एलआईसी में निवेश से संबंधित दस्तावेज शामिल हैं। सबसे महत्वपूर्ण खुलासा पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में वर्ष 2021 में 10 अलग-अलग डीड के माध्यम से कुल 92 डिसमिल जमीन खरीदने का हुआ है। यह जमीन अभियुक्त की पत्नी के नाम पर खरीदी गई बताई गई है। निगरानी के अनुसार,इस संपत्ति को वार्षिक संपत्ति विवरणी में नहीं दर्शाया गया था। स्थानीय बाजार मूल्य के आधार पर इसकी कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
-कहां-कहां हुई छापेमारी
विशेष निगरानी टीम ने पटना, भागलपुर,नवगछिया,कटिहार, मुंगेर और सासाराम स्थित आवास एवं कार्यालयों को खंगाला। कटिहार के गौशाला चौक स्थित किराये के मकान तथा सासाराम ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यालय में भी तलाशी ली गई। निगरानी ब्यूरो के अनुसार,अजीत कुमार दास ने अपने कार्यकाल के दौरान छपरा, कटिहार, किशनगंज, सासाराम और भागलपुर सहित विभिन्न स्थानों पर विभागीय जिम्मेदारियां संभाली हैं। वर्ष 2014 से 2017 तक छपरा, 2017 से 2020 तक कटिहार, 2020 से 2024 तक किशनगंज, 2024 से 2025 तक सासाराम तथा 2025 से जून 2026 तक भागलपुर में उनकी तैनाती रही। इसके बाद जुलाई 2026 से वे सासाराम प्रमंडल में भी पदस्थापित रहे हैं।
-जांच और तलाशी अभियान जारी
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि विशेष न्यायालय से प्राप्त सर्च वारंट के आलोक में यह कार्रवाई की गई है। छापेमारी के दौरान बरामद दस्तावेजों और निवेश से जुड़े कागजातों की जांच की जा रही है। ब्यूरो की टीम संपत्तियों के वास्तविक स्रोत, आय और निवेश के बीच अंतर का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे की जांच और तलाशी की कार्रवाई जारी है।
















