नई दिल्ली, 23 सितम्बर (अशोक “अश्क”) बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट ने अपने करियर में बहुत ही कम समय में ए लिस्ट एक्ट्रेस की श्रेणी में जगह बना ली है। ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’, ‘हम्प्टी शर्मा की दुल्हनियां’, ‘राज़ी’ और ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ जैसी फिल्मों से उन्होंने बड़े पर्दे पर अपने अभिनय का लोहा मनवाया है। वहीं ओटीटी की दुनिया में भी आलिया ने साल 2022 में रिलीज़ हुई फिल्म डार्लिंग्स से अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करवाई थी। अब आलिया एक बार फिर ओटीटी की ओर रुख कर रही हैं।

खबर है कि आलिया भट्ट निर्देशक शूजात सौदागर के साथ मिलकर एक नई फिल्म पर काम कर रही हैं, जो डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ होगी। दिलचस्प बात यह है कि शूजात की फिल्म रॉक ऑन 2 (2016) में श्रद्धा कपूर के पहले आलिया को अप्रोच किया गया था, लेकिन वह उस समय उड़ता पंजाब में व्यस्त थीं। अब दोनों एक साथ पहली बार काम करने जा रहे हैं।
इस फिल्म का निर्माण आलिया अपने प्रोडक्शन हाउस ‘एटर्नल सनशाइन प्रोडक्शन’ के बैनर तले करेंगी। उन्होंने डार्लिंग्स से बतौर निर्माता शुरुआत की थी और अब जिगरा के बाद यह उनकी तीसरी फिल्म होगी जिसमें वह निर्माता की भूमिका निभा रही हैं। मुंबई जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात यह है कि इसमें कुछ नवोदित कलाकारों को कास्ट करने की योजना है। फिलहाल फिल्म का प्री-प्रोडक्शन चरण चल रहा है और जल्द ही इसकी शूटिंग शुरू होने की संभावना है।
उधर, आलिया भट्ट एक्ट्रेस के तौर पर भी लगातार सक्रिय हैं। वह यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की फिल्म अल्फा में नजर आने वाली हैं, जिससे उन्होंने इस एक्शन फ्रैंचाइज़ी में एंट्री कर ली है। इसके अलावा वह संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित फिल्म लव एंड वॉर की शूटिंग में भी व्यस्त हैं, जिसमें उनके साथ विक्की कौशल और रणबीर कपूर नजर आएंगे। यह फिल्म मार्च 2026 में रिलीज़ होने वाली है।
आलिया भट्ट ने साबित कर दिया है कि वह सिर्फ एक शानदार अभिनेत्री ही नहीं, बल्कि एक समझदार और दूरदर्शी निर्माता भी हैं।

