गोपालगंज (उषा मिश्रा) नगर थाने के कररिया पुर्व टोला गांव में मंगलवार की देर रात एक ईंट भट्ठे के समीप पानी भरे गड्ढे में डूबने से मासूम भाई बहन की दर्दनाक मौत हो गई। रात को ही सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस घटना के बाद ग्रामीण ईंट भट्ठा संचालक पर कानूनी कार्रवाई को लेकर आक्रोशित हो गए और जमकर हंगामा किया। मृतक नगर थाने के कररिया पूर्व टोला गांव निवासी सिपाही लाल प्रसाद का (5)वर्षीय पुत्र राजन कुमार व (7) वर्षीय पुत्री सिंपल कुमारी है। घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर शाम दोनों भाई बहन खेलने के लिए घर से बाहर निकले थे। इस बीच वह चिमनी के पास पहुंच गए। जहां पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। आस पास किसी के नहीं होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। पानी मे डूबने से दोनों की मौत हो गई।

इधर परिजन दोनों भाई बहन की तलाश में जुटे हुए थे। काफी खोजबीन के बाद देर रात आसपास के लोगों ने गड्ढे में तैरते हुए दोनों का शव देखकर उसके परिजनों को सूचना दी। सूचना के बाद परिजन मौके पहुंच दोनों की पहचान हुई। सूचना मिलते ही पल भर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। वही सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजना चाही। लेकिन आक्रोशित लोगों ने पुलिस को शव सौंपने से इंकार कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोग ईंट-भट्ठा को बंद करते हुए संचालक पर कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे।
इस घटना की सूचना मिलने पर सदर एसडीएम अनिल कुमार, नगर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार प्रभाकर समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गई। एसडीएम ने परिजनों को समझा-बूझाकर मामलें को शांत कराया। इसके बाद पुलिस दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। एसडीएम ने कहा कि राजेंद्र सिंह का ईंट भट्ठा है। जो ईंट की पथाई के लिए अवैध तरीके से मिट्टी का कटाव करा जगह-जगह गड्ढा बना दिए हैं। जिसमें डूबने से इन मासूमों की मौत हुई है। एसडीएम ने कहा कि मामलें की जांच कर ईंट भट्ठा संचालक पर भी कानूनी रूप से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अनुमंडल के सभी ईट भट्ठा संचालकों को आबादी के बीच गड्ढे से भरे पानी को तत्काल निकालने का निर्देश दिया है।

