
नई दिल्ली, 05 जनवरी (अशोक “अश्क”) भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक घना कोहरा और कड़ाके की ठंड बने रहने की चेतावनी जारी की है। राजधानी दिल्ली में भले ही आसमान साफ नजर आ रहा हो, लेकिन ठिठुरन लगातार बढ़ती जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से तापमान में और गिरावट आएगी तथा शीतलहर का असर तेज होगा।IMD ने बताया कि सोमवार से उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी मध्य प्रदेश और बिहार के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने की प्रबल संभावना है। वहीं पूर्वी राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड का अनुमान जताया गया है। 5 से 9 जनवरी तक पश्चिमी राजस्थान, 10 जनवरी तक पूर्वी राजस्थान और 6-7 जनवरी को झारखंड में भीषण शीतलहर का खतरा बना हुआ है।

कोहरे के चलते दिल्ली में कई उड़ानों में देरी हुई है। हालात को देखते हुए इंडिगो एयरलाइन ने यात्रियों के लिए ट्रेवल एडवाइजरी जारी की है। इंडिगो ने बताया कि भोपाल और उदयपुर में कम दृश्यता से उड़ान संचालन प्रभावित हो सकता है। यात्रियों को फ्लाइट स्टेटस नियमित जांचने की सलाह दी गई है। सोमवार से ठंड बढ़ने के साथ लोगों की परेशानी और बढ़ने की आशंका है।

