

पूर्णिया:-03 सितम्बर (राजेश कुमार झा)जिला पदाधिकारी पूर्णिया अंशुल कुमार के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में जिले के भीतर अवैध शराब के परिवहन, बिक्री,भंडारण, सेवन तथा खाद्य सुरक्षा को लेकर विशेष जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी (सदर पूर्णिया) विग्नेश टी०ए के नेतृत्व में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (M.O.) खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी (F.S.O.) तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा पूर्णिया शहरी क्षेत्र के भट्ठा बाजार एवं आसपास के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।
संयुक्त टीम ने खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, उपलब्ध खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता तथा उनके वैध लाइसेंस (अनुज्ञप्ति) की बारीकी से जांच की गई।
जांच के दौरान कुछ खाद्य सामग्रियों के नमूने (सैंपल) एकत्र कर उन्हें सील किया गया और गुणवत्ता परीक्षण हेतु प्रयोगशाला (लैब) भेजा गया।
संयुक्त जांच टीम ने स्पष्ट किया कि लैब टेस्ट में खाद्य पदार्थों में मिलावट पाए जाने या गुणवत्ता मानक के अनुरूप न होने पर संबंधित विक्रेताओं एवं प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा कानून के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आमजनों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला अंतर्गत सभी प्रकार के खाद्य प्रतिष्ठानों पर इस प्रकार का औचक निरीक्षण आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
















