
चतरा, 05 फरवरी ( सेंट्रल डेस्क) माँ सुनैना देवी फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा टंडवा में संचालित दयानंद पब्लिक स्कूल में तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय परिसर खेल के मैदान में तब्दील नजर आया, जहां विद्यार्थियों में गजब का उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली।

प्रतियोगिता में खो-खो, बैडमिंटन, जलेबी रेस, स्लो साइकिल रेस, वॉलीबॉल सहित कई रोचक खेलों का आयोजन किया गया। नर्सरी से लेकर दसवीं कक्षा तक के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।खेल शिक्षक राहुल कुमार के कुशल निर्देशन में प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। विजेता प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों का मनोबल और आत्मविश्वास बढ़ा।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रजनी कुमारी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। वहीं निदेशक पवन कुमार चौरसिया ने कहा कि शारीरिक खेल मानसिक मजबूती के लिए अनिवार्य हैं, क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास होता है।

