
पटना 19 जुलाई 2026। गोपालगंज जिले के लिए गर्व की बात है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैकुंठपुर में तैनात स्वास्थ्यकर्मी आलोक कुमार श्रीवास्तव को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए ‘बिहार स्वास्थ्य प्रशासन ने “गौरव पुरस्कार” से सम्मानित किया है। यह सम्मान बॉलीवुड अभिनेत्री ईशा देओल ने शनिवार देर शाम पटना के होटल ताज में आयोजित भव्य समारोह आइकॉनिक पर्सनैलिटी ऑफ बिहार–2026 द्वारा आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में बीआईबी के फाउंडर श्रीकांत सिंह एवं आलोक सिंह सहित विभिन्न क्षेत्रों की कई प्रतिष्ठित हस्तियां मौजूद रहीं। सम्मान प्रदान करते हुए ईशा देओल ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में आलोक कुमार श्रीवास्तव के समर्पण,उत्कृष्ट कार्यशैली और उल्लेखनीय योगदान की सराहना की। आलोक कुमार श्रीवास्तव वर्तमान में गोपालगंज जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बैकुंठपुर में कार्यरत हैं। वे मूल रूप से बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र के सिधवलिया प्रखंड अंतर्गत हरपुर टेंगराही गांव के निवासी हैं। स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय से सेवा देते हुए उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में उल्लेखनीय योगदान दिया है। विशेष बात यह है कि गोपालगंज स्वास्थ्य विभाग से वे पहले स्वास्थ्यकर्मी हैं, जिन्हें किसी बॉलीवुड अभिनेत्री द्वारा सम्मानित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से जिले के स्वास्थ्य विभाग में खुशी का माहौल है। विभागीय अधिकारियों, सहकर्मियों,शुभचिंतकों तथा उनके पैतृक गांव हरपुर टेंगराही के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे पूरे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया। इस अवसर पर बीआईबी के फाउंडर श्रीकांत सिंह ने कहा कि ऐसे समर्पित स्वास्थ्यकर्मियों का सम्मान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सीमित संसाधनों के बीच बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने वाले कर्मियों का योगदान अमूल्य है। यह सम्मान केवल आलोक कुमार श्रीवास्तव की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि बिहार की ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में जुटे सभी स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है।

