बक्सर, 29 अक्टूबर (विक्रांत) डुमरांव विधानसभा से महागठबंधन समर्थित प्रत्याशी कॉमरेड डॉ. अजीत कुशवाहा ने मंगलवार की सुबह छठ पर्व के अवसर पर विभिन्न छठ घाटों का दौरा कर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं और अपने जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। यह अभियान भरौली से प्रारंभ होकर गिरिधर बरांव, सारा, पनियारी, मड़ियां, डिहरी, सलसला, रामनगर, बाली, वैना होते हुए चनवथ तक चला।

जनसभा को संबोधित करते हुए डॉ. कुशवाहा ने कहा कि किसी भी समाज के विकास की नींव शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर टिकी होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा समर्थित बिहार सरकार पिछले बीस वर्षों में इन क्षेत्रों में कोई ठोस कार्य नहीं कर सकी है। “हमने अपनी सत्रह महीने की सरकार में साबित किया था कि यदि नीयत साफ हो तो जनता के बच्चों को बेहतर शिक्षा, लोगों को संपूर्ण इलाज और युवाओं को सम्मानजनक रोजगार मिल सकता है,

” उन्होंने कहा।
भाजपा सरकार पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव के समय खातों में पैसे डालना जनता को गुमराह करने की नीति है। उन्होंने दावा किया कि महिलाओं को दिए गए दस हजार रुपये सहयोग राशि नहीं बल्कि ऋण हैं, जिसकी वसूली की जाएगी। “यदि हमारी सरकार बनती है तो हम इन ऋणों को पूरी तरह माफ करेंगे,” उन्होंने कहा।

अंत में डॉ. कुशवाहा ने डुमरांव और पूरे बिहार की जनता से अपील की कि वे वोट की ताकत से महागठबंधन की सरकार बनाएं ताकि राज्य में पढ़ाई, दवाई, रोजगार और किसानी के क्षेत्र में नई दिशा दी जा सके।

