समस्तीपुर, 2 सितम्बर (राजेश झा) जिले के शिवाजीनगर प्रखंड के मधुरापुर पंचायत स्थित हिंदुस्तान पोल्ट्री फार्म में अचानक जनरेटर खराब हो जाने के कारण 20 हजार मुर्गियों की मौत हो गई। फार्म संचालक सुयश कुमार सिंह ने इसे लगभग 20 लाख रुपये का भारी आर्थिक नुकसान बताया है। उन्होंने इस घटना के लिए महिंद्रा कंपनी के जनरेटर की खराबी को जिम्मेदार ठहराते हुए पशुपति एग्रोवेट प्राइवेट लिमिटेड को आवेदन दिया है।

सुयश कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने आठ माह पूर्व महिंद्रा कंपनी का 40 केवी का स्वचालित जनरेटर खरीदा था। 15 अगस्त को यह जनरेटर खराब हो गया था, जिसकी सूचना उन्होंने कंपनी के टेक्नीशियन पवन कुमार को दी थी। पवन कुमार ने जनरेटर दो दिन में ठीक करने का आश्वासन दिया था, लेकिन 2 सितम्बर तक मरम्मत नहीं हो सकी।
1 सितम्बर की रात एक बजे से सुबह पांच बजे तक बिजली नहीं थी। यदि जनरेटर चालू होता, तो यह घटना टल सकती थी। फार्म में लगे 10 लाख की दवा, 1 लाख का दाना, 6.5 लाख मजदूरी व अन्य खर्च मिलाकर कुल 20 लाख का नुकसान हुआ है। उन्होंने कंपनी के टेक्नीशियन, एरिया मैनेजर, एजेंट समेत अन्य जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

