नई दिल्ली, 20 सितम्बर (अशोक “अश्क”) बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म जॉली एलएलबी 3 आखिरकार सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है और इसके पहले ही दिन की कमाई ने इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है। अक्षय कुमार और अरशद वारसी की यह कोर्टरूम कॉमेडी ड्रामा दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतरी है। लंबे वक्त से फैंस दोनों जॉली को एक साथ देखने के लिए बेसब्र थे और अब जब ये जोड़ी पर्दे पर लौटी है, तो बॉक्स ऑफिस पर तहलका मच गया है।

सुभाष कपूर के निर्देशन में बनी जॉली एलएलबी 3 ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 12.50 करोड़ रुपये की दमदार कमाई की है। यह इस साल की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है। खास बात यह है कि इसने अजय देवगन, आमिर खान और अन्य ए-लिस्टर सितारों की फिल्मों को भी पहले दिन की कमाई में पछाड़ दिया है।
फिल्म की कहानी, निर्देशन और कलाकारों की परफॉर्मेंस को लेकर दर्शकों और समीक्षकों दोनों की ओर से पॉजिटिव रिव्यू मिल रहे हैं। अक्षय कुमा र ने जहां अपने चिर-परिचित हास्य से दर्शकों को गुदगुदाया, वहीं अरशद वारसी की कॉमिक टाइमिंग ने फिल्म को और भी मजेदार बना दिया। दोनों की केमिस्ट्री ने फिल्म में एंटरटेनमेंट का डोज दोगुना कर दिया है।
जॉली एलएलबी 3 ने पहले ही दिन सितारे ज़मीन पर (10.70 करोड़), केसरी चैप्टर 2 (7.84 करोड़), सन ऑफ सरदार 2 (7.50 करोड़), भूल चूक माफ (7.20 करोड़) और धड़क 2 (3.65 करोड़) जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। इस लिस्ट में द बंगाल फाइल्स (1.50 करोड़), ग्राउंड जीरो (1.15 करोड़), मालिक (3.50 करोड़), मेट्रो इन दिनों (4.05 करोड़), मां (4.93 करोड़) और द डिप्लोमेट (4.03 करोड़) भी शामिल हैं।
अक्षय कुमार के लिए यह फिल्म एक नई शुरुआत मानी जा रही है, खासकर हाल ही में आई उनकी कुछ फिल्मों के फ्लॉप होने के बाद। ऐसे में जॉली एलएलबी 3 की यह जबरदस्त ओपनिंग उनके करियर को नई रफ्तार दे सकती है। फिल्म की कमाई को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि वीकेंड में यह और भी बड़ा धमाका कर सकती है।

