बक्सर, 23 सितंबर (विक्रांत) डुमरांव के लोकप्रिय विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह ने मंगलवार को नगर स्थित अपने कार्यालय में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में डुमरांव के समग्र विकास की दिशा में किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा, संस्कृति और जनांदोलनों के दम पर डुमरांव हमेशा अग्रणी रहा है, और अब विकास कार्यों के जरिए यह शहर एक नया इतिहास रच रहा है।

विधायक ने बताया कि उनके प्रयासों से डुमरांव की मुख्य सड़क सहित कई प्रमुख सड़कों के निर्माण कार्यों को स्वीकृति मिली है और अब ये परियोजनाएं तेजी से जमीन पर उतर रही हैं। जिन सड़कों का पुनर्निर्माण किया जा रहा है उनमें थाना से शक्ति द्वार, सफाखाना रोड, जंगली शिवजी रोड और पश्चिमी गुमटी पर रेल ओवर ब्रिज शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि दशहरा से पहले ही डुमरांव की मुख्य सड़क को छोटी गाड़ियों के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे यातायात सुगम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी। साथ ही, शहर की सुंदरता भी निखरेगी।
विधायक ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार सरकारी उपेक्षा और बाधाओं के बावजूद, जनता के सहयोग से वे इन योजनाओं को स्वीकृति दिलाने और लागू कराने में सफल रहे हैं। उन्होंने इसे डुमरांव की जनता की जीत और उनकी आकांक्षाओं की पूर्ति बताया।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि डुमरांव को विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए उनका संघर्ष और सेवा निरंतर जारी रहेगा।

