



पूर्णिया:-28 अगस्त(राजेश कुमार झा)सदर थाने ने गुप्त सूचना पर शीशाबाड़ी के मवेशी हाट के समीप वाहन चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर तीन सवार लड़कों को जांच के लिए रुकने का इशारा किया.लेकिन तीनों मोटरसाइकिल सवार ने पुलिस को देखकर भागने लगे.लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने उसे भागने नहीं दिया और तीनों को 406 ग्राम ब्राउन शुगर(स्मैक) और 40 हजार रूपये के साथ गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार तीनों तस्कर में दो तस्कर शहर के रामबाग कॉलोनी के ड्राइवर टोला वार्ड नंबर 30 के रहने वाले है.तीसरा तस्कर मालदा जिले का है.गिरफ्तार तीनों तस्कर ने पुलिस की पूछताछ में जो खुलासा किया,उसे सुनकर सब दंग रह गए.तीनों गिरफ्तार तस्कर ने बताया कि हमलोग पिछले कई महीनों से स्मैक की स्मगलिंग कर रहे है.हमलोग मालदा जिले के कालियाचक से स्मैक लेकर आते है और दालकोला चेकपोस्ट होकर आराम से निकल जाते है. क्योंकि हमलोगों की टीम में दालकोला चेकपोस्ट के तीन होमगार्ड के जवान भी शामिल है.जिनका काम है बिना रोक-टोक के हमलोगों को पास करवाना.हमलोग सप्ताह में दो ट्रिप स्मैक की खेप लाते है.जो 250 ग्राम से अधिक मात्रा की होती है.हर ट्रिप के दो लाख रुपए दालकोला चेकपोस्ट पर देते है.आज भी हमलोगों ने एक मोटी रकम देकर पास करवाए है.बताते चलें कि तीनों तस्करों के खुलासे के बाद दालकोला चेकपोस्ट पर तैनात तीनों होमगार्ड के जवान को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस पहुंची तो एक होमगार्ड जवान राजकिशोर तो भागने में सफल हो गए लेकिन ब्रज किशोर और आकाश उरांव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और छानबीन के बाद नकद 55 हजार रुपए भी पुलिस ने दोनों होमगार्ड जवान के पास से बरामद किए.फिलहाल पुलिस ये पता करने में जुट गई है कि स्मैक और शराब तस्करी में दालकोला चेकपोस्ट पर तैनात और कौन-कौन शामिल है.
















