
बक्सर, 26 जनवरी (विक्रांत) डुमरांव स्थित स्थानीय डी.के. कॉलेज के प्रांगण में गणतंत्र दिवस समारोह भव्य और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कॉलेज की प्राचार्या प्रो. वीणा कुमारी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। झंडोतोलन के बाद राष्ट्रगान की गूंज से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो उठा।इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह का मुख्य आकर्षण रहे।

गीत-संगीत, नृत्य और भाषण की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। नृत्य में बिट्टू यादव, अमित कुमार, आरती कुमारी, पम्मी कुमारी, संगीता कुमारी एवं कामनी ठाकुर ने शानदार प्रस्तुति दी, जबकि गायन में तनु कुमारी, खुशी शर्मा, मुस्कान, करिश्मा और प्रीति वर्मा ने तालियां बटोरीं।कई छात्रों ने गणतंत्र दिवस और भारतीय संविधान पर सारगर्भित भाषण देकर लोकतंत्र की महत्ता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रवि रंजन पाण्डेय ने किया।

इस दौरान एनसीसी छात्र सोनू कुमार को सीनियर अंडर ऑफिसर की रैंक तथा अभिनव कुमार को 30 बिहार बटालियन में उत्कृष्ट कार्य के लिए मेडल प्रदान किया गया। वहीं बीसीए विभाग के छात्रों को स्टडी किट वितरित की गई। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक, सीनेट सदस्य और शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।

