नई दिल्ली, 1 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) पवित्र शारदीय नवरात्रों के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मां वैष्णो देवी भवन पर इन दिनों भक्ति की अविरल धारा बह रही है। पूरे भवन परिसर को भव्य रूप से सजाया गया है और मां के भजनों की गूंज से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। श्रद्धालु कतारों में श्रद्धा से गुफाओं की ओर बढ़ रहे हैं और मां के चरणों में नतमस्तक होकर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण कर रहे हैं।

मां के दिव्य दर्शन के बाद श्रद्धालु भैरव घाटी में बाबा भैरवनाथ के दरबार में भी नतमस्तक हो रहे हैं। श्रद्धालु अपनी यात्रा के पावन क्षणों को कैमरे में कैद कर रहे हैं। उधर, भवन मार्ग पर स्थित अर्धकुंवारी मंदिर में प्राचीन गर्भ जून गुफा के दर्शन भी श्रद्धालु बड़े श्रद्धा भाव से कर पुण्य अर्जित कर रहे हैं।
नवरात्रों के दौरान आयोजित दिव्य आरतियों में देश के प्रसिद्ध कलाकार भी मां के चरणों में अपनी कला समर्पित कर रहे हैं। मंगलवार को प्रसिद्ध लोक गायिका मालिनी अवस्थी ने मां दुर्गा के भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। उन्होंने कहा कि मां वैष्णो देवी की शरण में आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। दर्शन के पश्चात वे कटड़ा आधार शिविर से जम्मू रवाना हो गईं।
भूमिका मंदिर में दुर्गा अष्टमी पर हुआ पवित्र हवन यज्ञ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यज्ञ के बाद कन्या पूजन कर कन्याओं को चुनरी व प्रसाद देकर आशीर्वाद लिया गया। बुधवार को नवमी के अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है।
भवन परिसर में श्राइन बोर्ड द्वारा आयोजित भव्य भंडारे में श्रद्धालुओं, पुजारियों और अधिकारियों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
कटड़ा में दुर्गा पूजा समिति द्वारा आयोजित भव्य जागरण में प्रसिद्ध गायक सुरेश शर्मा ने मां के भजन प्रस्तुत किए। देर रात संपन्न हुए इस जागरण में श्रद्धालुओं ने भक्ति रस का आनंद लिया और विशेष आरती के बाद प्रसाद ग्रहण किया।
अब तक 1,60,000 से अधिक श्रद्धालु मां के दर्शन कर चुके हैं। पहले नवरात्र से लेकर नवमी तक श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। मौसम अनुकूल बना हुआ है और श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक सुविधाएं हेलीकॉप्टर, रोपवे, बैटरी कार, घोड़ा व पालकी सेवा सहज रूप से उपलब्ध हो रही हैं।
मां के जयकारों से गूंजता यह पावन धाम हर भक्त को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर रहा है।

