
बिहार डेस्क,पटना। बिहार की राजधानी पटना स्थित पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर बिहार आबकारी सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने आए अभ्यर्थियों की भारी भीड़ के कारण शुक्रवार को अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्टेशन पर उमड़ी भीड़ के बीच कुछ उपद्रवी तत्वों द्वारा हंगामा किए जाने से यात्रियों और रेलवे प्रशासन के सामने परेशानी खड़ी हो गई। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) सरस्वती चंद्र ने बताया कि आबकारी सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पाटलिपुत्र स्टेशन पहुंचे थे। इसी दौरान स्टेशन परिसर में अत्यधिक भीड़ जमा हो गई। भीड़ के बीच कुछ लोगों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई और यात्रियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कुछ उपद्रवी तत्व नियमित रूप से चलने वाली सीमांचल एक्सप्रेस में जबरन चढ़ने का प्रयास कर रहे थे। ट्रेन में क्षमता से अधिक भीड़ होने के कारण स्थिति तनावपूर्ण हो गई। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से संयम बरतने और यात्रा के दौरान नियमों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं के दौरान अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाई जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि स्थिति पर जल्द ही काबू पा लिया गया और रेल परिचालन सामान्य रूप से जारी रहा। वही पुलिस ने कुल 500 उपद्रवियों पर एफआईआर दर्ज करते हुए 6 को गिरफ्तार किया है। हालांकि, इस घटना ने भर्ती परीक्षाओं के दौरान रेलवे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

