
राजेश कुमार शर्मा,जोगबनी (भारत-नेपाल सीमा)।
नेपाल के वीरगंज महानगरपालिका के मेयर राजेशमान सिंह को फर्जी नागरिकता प्रकरण में परसा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिला अदालत परसा द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी किए जाने के आठ दिन बाद विशेष पुलिस टीम ने उन्हें ठोरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। जिला पुलिस कार्यालय से एसपी सुदीपराज पाठक ने बताया कि विशेष सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान के दौरान मेयर सिंह को हिरासत में लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें जिला पुलिस कार्यालय पर्सा में रखकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार,गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद मेयर सिंह एक बार अदालत में उपस्थित हुए थे, लेकिन उसके बाद फरार हो गए थे। उनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। मामला सुनसरी जिले के इटहरी निवासी एक युवती को अपनी पुत्री बताकर नेपाली नागरिकता दिलाने से जुड़ा है। आरोप है कि मेयर राजेशमान सिंह ने कथित रूप से गलत विवरण प्रस्तुत कर युवती को नागरिकता प्रमाणपत्र दिलाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस मामले में स्थानीय निवासी लियाकत अली की शिकायत पर जिला अदालत पर्सा ने मेयर सिंह समेत तीन लोगों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए मेयर को गिरफ्तार कर लिया। इस गिरफ्तारी से वीरगंज की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

