बक्सर, 02 दिसंबर (विक्रांत) राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय (GEC), बक्सर में कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में जिले का सबसे बड़ा युवा उत्सव–2025 एवं विज्ञान मेला दो दिवसीय महाआयोजन के रूप में 02 और 03 दिसंबर को शुरू हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि युवा ही राज्य की ऊर्जा हैं और विज्ञान–तकनीक उनके भीतर नवाचार और जागरूकता की नई लौ प्रज्वलित करते हैं।जिले के वरिष्ठ अधिकारियों जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जन संपर्क पदाधिकारी, खेल पदाधिकारी, कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (SSA) तथा राज +2 उच्च विद्यालय डुमराव के प्रधानाचार्य श्री अनुराग मिश्र ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। सभी अतिथियों ने छात्रों के विज्ञान मॉडल व नवाचारों की खुलकर सराहना की और ऐसे आयोजनों को युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी बताया।कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राम नरेश राय के नेतृत्व में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विज्ञान मेला विद्यार्थियों की शोध क्षमता, रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को मजबूत बनाता है। मेले में 32 प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा प्रबंधन, रोबोटिक्स, कृषि नवाचार और सामाजिक-तकनीकी समाधान पर आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए।03 दिसंबर को युवा उत्सव के तहत समूह नृत्य, लोकगीत, कविता, नाटक, वादन, चित्रकला और फोटोग्राफी समेत 13 सांस्कृतिक प्रतियोगिताएँ होंगी। कार्यक्रम के सफल संचालन में डॉ. जीवेश उज्ज्वल और अभिषेक कुमार का योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा।

