
मधुबनी,निज संवाददाता। बिहार और मध्य प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर यूएपीए मामलें में एक संदिग्ध व्यक्ति को मदरसे से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मधुबनी जिले के पंडौल थाना क्षेत्र निवासी इजहारुल हक (56 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह वर्तमान में मधुबनी स्थित एक मदरसे में रह रहा था।
जानकारी के अनुसार,यह गिरफ्तारी मध्य प्रदेश ATS द्वारा दर्ज गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) से जुड़े एक मामले में की गई है। प्रारंभिक जांच में आरोपी के कथित तौर पर पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क होने के संकेत मिले हैं, जिसके बाद एजेंसियां इस मामले को गंभीरता से जांच रही हैं।
संयुक्त छापेमारी के दौरान आरोपी के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनमें Redmi Note 5 और OPPO कंपनी के मोबाइल शामिल हैं। जांच एजेंसियों ने दोनों उपकरणों को जब्त कर लिया है और उनमें मौजूद डिजिटल डेटा की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। बिहार एटीएस के अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी के संपर्क और गतिविधियों का दायरा कितना व्यापक था।

