पटना, 18 अक्तूबर (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 121 सीटों पर अब तक 1,250 से अधिक नामांकन दाखिल हो चुके हैं। यह आंकड़ा और बढ़ सकता है क्योंकि कई जिलों से जानकारी अभी आनी बाकी है। कुछ सीटों पर ‘इंडिया’ गठबंधन के दो-दो उम्मीदवारों के पर्चा भरने से स्थिति जटिल होती जा रही है। अगर 20 अक्टूबर तक नाम वापस नहीं लिए गए, तो ‘फ्रेंडली फाइट’ के हालात बन सकते हैं।

उधर, चिराग पासवान ने सीट बंटवारे को लेकर एनडीए नेतृत्व का आभार जताया और कहा कि गठबंधन मजबूती से चुनाव मैदान में है। वहीं, उन्होंने महागठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि जो खुद तय नहीं कर पा रहे, वे राज्य को क्या दिशा देंगे?
महागठबंधन में राजद, कांग्रेस, वाम दल और वीआईपी के बीच तालमेल अभी भी अधूरा है। जाले सीट पर कांग्रेस ने राजद नेता ऋषि मिश्रा को समर्थन दिया, लेकिन लालगंज में राजद ने कांग्रेस उम्मीदवार को पीछे छोड़ दिया, जहां मुन्ना शुक्ला की बेटी और कांग्रेस दोनों से उम्मीदवार मैदान में हैं।

