समस्तीपुर 28 अगस्त (अशोक “अश्क”) बिहार में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बन गई है। समस्तीपुर जिले के मोहनपुर प्रखंड में गुरुवार सुबह गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 105 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया। इससे किनारे के निचले इलाकों में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षित स्थानों की तलाश में घर छोड़ने को मजबूर हो गए हैं।

बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल दलसिंहसराय के सरारी स्थित कैंप में तैनात सहायक अभियंता मनीष कुमार गुप्ता ने बताया कि गंगा का जलस्तर गुरुवार को 4655 सेंटीमीटर तक पहुंच गया, जबकि यहां खतरे का निशान 4550 सेंटीमीटर है। जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों में बाढ़ को लेकर चिंता बढ़ गई है।
गंगा का पानी समस्तीपुर जिले के जहिंगरा, बरुआ, सरसावा, हरदासपुर, नवहरिया, बरियारपुर, बघडा, चपरा, दक्षिणी डूमरी, जौनापुर और मटिऔर जैसे निचले इलाकों में तेजी से फैल रहा है। लोग सुरक्षित ठिकानों की ओर पलायन कर रहे हैं। बाढ़ नियंत्रण विभाग के कर्मी लगातार तटबंधों की निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी आपदा से बचा जा सके।
भागलपुर शहर और इसके आसपास के इलाकों में भी गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर को पार कर गया है। 28 अगस्त को सुबह 10 बजे यहां जलस्तर 33.05 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जबकि खतरे का निशान 33.68 मीटर है। हालांकि अभी जलस्तर 63 सेंटीमीटर नीचे है, लेकिन जल संसाधन विभाग ने शुक्रवार तक इसके खतरे के निशान को पार कर जाने की आशंका जताई है।
अगर जलस्तर डेंजर लेवल से ऊपर जाता है, तो भागलपुर जिले के कई निचले इलाके बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं। इससे लाखों की आबादी प्रभावित हो सकती है। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारी शुरू कर दी गई है, लेकिन लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की अपील की जा रही है।

