पटना, 8 अक्तूबर (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की घोषणा के साथ ही समस्तीपुर जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। जिले के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में प्रथम चरण के तहत 6 नवंबर 2025 को मतदान होना है। इसकी अधिसूचना 10 अक्टूबर को जारी की जाएगी और इसी दिन से नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत होगी।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा के निर्देश पर नामांकन प्रक्रिया को सुचारु और पारदर्शी बनाने हेतु 9 अक्टूबर को सभी निर्वाची पदाधिकारियों के कार्यालयों में संभावित प्रत्याशियों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण सत्र में अभ्यर्थियों को नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, जमानत राशि, निर्धारित समय-सीमा और निर्वाचन से जुड़े अन्य कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी संभावित प्रत्याशियों से अपील की है कि वे समय पर अपने-अपने निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय में पहुंचकर प्रशिक्षण में भाग लें, ताकि नामांकन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि या बाधा न उत्पन्न हो।

