
बेगूसराय, निज संवाददाता। बिहार के बेगूसराय से एक दर्दनाक सड़क हादसा की खबर सामने आ रही है। गुरुवार की देर रात हुई इस दर्दनाक सड़क हादसे में मधेपुरा जिले के तीन थानाध्यक्षों समेत चार पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। यह हादसा बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एक ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में मधेपुरा जिले के आरार थानाध्यक्ष ज्ञानचंद, बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार, रतवारा थानाध्यक्ष साजन पासवान तथा एक अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं। एक साथ तीन थानाध्यक्षों की असामयिक मौत की खबर से बिहार पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना उस समय हुई सब सभी थानेदार पटना में मीटिंग में भाग लेकर निजी कार से मधेपुरा लौट रहे थे। तभी बखड़ा के समीप हाईवे पर खड़ी ट्रक में पीछे से घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस और बचाव दल ने गैस कटर की मदद से वाहन को काटकर सभी शवों को बाहर निकाला। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। इस हृदयविदारक घटना से न केवल मृतक पुलिसकर्मियों के परिजनों में मातम पसरा है, बल्कि पूरे पुलिस विभाग में गहरा शोक व्याप्त है।

