
समस्तीपुर, 21 जनवरी (समस्तीपुर डेस्क) समस्तीपुर के सिविल सर्जन डॉ. संजय कुमार चौधरी का मंगलवार की शाम इलाज के दौरान आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही जिले में सनसनी मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 24 जनवरी को प्रस्तावित कर्पूरी ग्राम आगमन को लेकर चल रही प्रशासनिक तैयारियों के दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा।जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पिछले एक सप्ताह से जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ तैयारियों में जुटा हुआ था। सिविल सर्जन डॉ. संजय चौधरी भी स्वास्थ्य व्यवस्था की निगरानी को लेकर दिन-रात सक्रिय थे।

मंगलवार को वे जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और वे मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। उन्हें तत्काल समस्तीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। इसके बाद उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन तमाम चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद डॉक्टरों की टीम उन्हें बचा नहीं सकी।

डॉ. संजय कुमार चौधरी समस्तीपुर के ही निवासी थे और इससे पहले सदर अस्पताल में लंबे समय तक सेवाएं दे चुके थे। वे अपने मिलनसार, सरल और व्यवहार कुशल स्वभाव के लिए जाने जाते थे। उनके निधन के बाद मेडिकाना हॉस्पिटल में पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

