पटना, 04 नवम्बर (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। लगभग सभी दल एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप में जुटे हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने केंद्रीय मंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के वरिष्ठ नेता ललन सिंह का एक वीडियो साझा करते हुए बड़ा दावा किया है। राजद का कहना है कि इस वीडियो में ललन सिंह गरीबों को वोट देने से रोकने की बात कर रहे हैं। हालांकि डिजिटल बेफिरप्रिंट इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।

वीडियो में ललन सिंह कथित तौर पर कहते दिख रहे हैं “एक-दो नेता हैं, तो चुनाव के दिन इनको घर से निकलने मत दो, घर में ही बंद कर दो। अगर बहुत हाथ-पैर जोड़ें तो साथ लेकर जाओ, वोट दिलवाओ और घर लौटाकर सुला दो।” इस वीडियो को एक्स (पूर्व ट्विटर) पर साझा करते हुए राजद ने लिखा, “केंद्रीय मंत्री ललन सिंह चुनाव आयोग की छाती पर बुलडोज़र चढ़ाते हुए गरीबों को वोटिंग के दिन घर से निकलने नहीं देने की बात कर रहे हैं। आयोग आखिर है कहाँ?”
वहीं, राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ललन सिंह का यह बयान सीधे तौर पर जेडीयू के ही प्रवक्ता नीरज कुमार पर निशाना था। नीरज मोकामा के रहने वाले हैं और 2015 के चुनाव में जेडीयू उम्मीदवार के रूप में लड़े थे, लेकिन निर्दलीय अनंत सिंह से हार गए थे। माना जाता है कि नीरज कुमार जेडीयू में अनंत सिंह के विरोधी खेमे से हैं, जबकि ललन सिंह और अशोक चौधरी बाहुबली नेता के करीबी माने जाते हैं।

