नई दिल्ली, 5 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्री और अब सांसद बनीं कंगना रनौत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि चाहे अभिनय हो या रैंप वॉक, वह हर मंच पर राज करना जानती हैं। सालों बाद रैंप पर वापसी करते हुए कंगना ने ऐसा जलवा बिखेरा कि हर कोई देखता रह गया। जूलरी डिजाइनर राहुल के नए कलेक्शन ‘राब्ता’ के लिए शोस्टॉपर बनीं कंगना ने सल्तनत ब्राइडल जूलरी और श्वेता व अनुज के क्लोदिंग लेबल की आइवरी साड़ी पहनकर महफिल लूट ली।

कंगना की सिल्क साड़ी पर जरी वर्क, खासतौर से पल्लू और बॉर्डर पर बारीक कढ़ाई, उसे रॉयल लुक दे रही थी। इसे उन्होंने मराठी स्टाइल में ड्रैप किया और साथ में ब्रालेट स्टाइल चोली पहनकर पूरे लुक को एक अप्सरा जैसा टच दिया। उनके इस अंदाज ने एक बार फिर उनकी फिल्म ‘फैशन’ की याद दिला दी, जहां उनका रैंप वॉक भी चर्चा में रहा था।

उनकी जूलरी भी कमाल की थी एम्रल्ड पर्ल्स से बना वी-शेप नेकलेस, चोकर, झुमके, मांग टीका, नथ, हाथों में कलीरे और ढेरों कंगन, सभी ने उन्हें रानी जैसा लुक दिया। बालों में लगी हेयर एक्सेसरी, बाजूबंध और पैरों की मोतियों वाली एंक्लेट्स ने उनके लुक को और भी शाही बना दिया।
कंगना की यह शानदार वापसी न केवल फैशन प्रेमियों को रोमांचित कर गई, बल्कि यह भी दिखा गई कि वह अब भी रैंप क्वीन हैं। उनका कॉन्फिडेंस, रॉयल अपील और अनोखा स्टाइल एक बार फिर सबका दिल जीत ले गया। फैंस ने भी सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ की, और कहा “कंगना सच में आज भी रैंप की अप्सरा हैं!”

