समस्तीपुर, 18 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) रोसड़ा थाना क्षेत्र के बालापर चौक के समीप सोमवार को देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। ट्रक को साइड देने के दौरान दो बाइक सवारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत रोसड़ा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के क्रम में दो की मौत हो गई, जबकि तीसरे को नाजुक हालत में बेगूसराय रेफर किया गया। बाद में उसकी भी रास्ते में ही मौत हो गई।

मृतकों में खानपुर के फत्तेहपुर वार्ड-6 निवासी शिवम कुमार (15) और अभिषेक कुमार (25) शामिल हैं। अभिषेक दो वर्ष पूर्व शादीशुदा था और मजदूरी करता था। वहीं, शिवम की बहन की शादी 26 नवंबर को होनी थी। हादसे ने दोनों परिवारों की खुशियाँ मातम में बदल दी।
तीसरे मृतक की पहचान मुरादपुर वार्ड-1 निवासी नवोनाथ झा के रूप में हुई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, वाहनों को जब्त कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

