
मुजफ्फरपुर, 05 फरवरी (निज संवाददाता) शहर के खुदीराम बॉस फुटबॉल मैदान में आयोजित पांचवीं ललित विजय मेमोरियल राज्य स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में स्पोर्ट्स क्लब हरनाटांड़ ने रोमांचक मुकाबले में एजी फुटबॉल टीम पटना को पेनल्टी शूटआउट में 7–6 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।

गुरुवार को खेले गए इस सेमीफाइनल मैच का उद्घाटन मुख्य अतिथि मनीष कुमार, सचिव शारीरिक प्रशिक्षण केंद्र, झपहां (मुजफ्फरपुर) ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी रमेश केजरीवाल शामिल हुए। मुख्य अतिथि द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर बॉल को किक मारकर मैच का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर टूर्नामेंट कमेटी द्वारा अतिथियों को शॉल पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मैच के 19वें मिनट में एजी फुटबॉल टीम पटना के जर्सी नंबर 13 राहुल ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। मध्यांतर तक यही स्कोर बना रहा। दूसरे हाफ में स्पोर्ट्स क्लब हरनाटांड़ ने आक्रामक खेल दिखाया और खेल के 45 वें मिनट में जर्सी नंबर 15 आशिक ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके बाद मैच का निर्णय पेनल्टी शूटआउट से हुआ।पेनल्टी शूटआउट में एजी फुटबॉल टीम पटना की ओर से जर्सी नंबर 12 हैरी,17 संदीप, 4 इरफान, 8 दीपेश और 5 अनिल ने गोल किए। वहीं हरनाटांड़ टीम की ओर से जर्सी नंबर 10 जितेश, 7 सूरज, 5 कमलेश, 14 बासित और 11 ओम ने सफल पेनल्टी लगाई।

पांच-पांच पेनल्टी के बाद स्कोर बराबर रहने पर सडन डेथ कराया गया,जिसमें हरनाटांड़ के जर्सी नंबर 6 सुशील पटेल ने गोल किया, जबकि पटना टीम के जर्सी नंबर 7 मुन्ना का शॉट चूक गया। इस तरह स्पोर्ट्स क्लब हरनाटांड़ ने मुकाबला 7-6 से जीत लिया।मैच का बेस्ट-22 खिलाड़ी का पुरस्कार स्पोर्ट्स क्लब हरनाटांड़ के जर्सी नंबर 15 आशिक को प्रदान किया गया। उन्हें प्रतीक चिन्ह एवं 500 नगद राशि से पुरस्कृत किया गया। मैच में निर्णायक की भूमिका राहुल कुमार,सहायक निर्णायक नीतीश कुमार एवं अमोद कुमार, जबकि चौथे निर्णायक के रूप में मुहम्मद सईद ने निभाई। फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में डॉ. रितेश रंजन उपस्थित रहे। टूर्नामेंट सचिव अनिल कुमार सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता श्रीमती छाया देवी,ऑनर प्रभात जर्दा फैक्ट्री ओवरसीज के सौजन्य से तथा मुजफ्फरपुर फुटबॉल संघ की देखरेख में आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि 6 फरवरी 2026 को टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला मुजफ्फरपुर जिला एकादश एवं नासा फुटबॉल क्लब,सिवान के बीच खेला जाएगा। डॉ. फिरोजुद्दीन फैज, मुजफ्फरपुर फुटबॉल संघ के अध्यक्ष अश्वनी खत्री,पंकज कुमार (निदेशक,जीडी मदर इंटरनेशनल स्कूल), बिजेंद्र चौधरी,हरनाम सिंह,सुनील कुमार सिंह,सुधीर कुमार सिंह,सिकंदर आज़म,इरशाद मलिक,राकेश कुमार मिंटू,शमीमुल हक पप्पन सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

