समस्तीपुर, 5 सितंबर (राजेश झा) बीआरबी कॉलेज, समस्तीपुर में संचालित प्राक परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र में शिक्षक दिवस का आयोजन हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
इस अवसर पर केक काटा गया और सभी शिक्षकों को छात्र-छात्राओं द्वारा कलम भेंट की गई, जो शिक्षा और ज्ञान के प्रति समर्पण का प्रतीक रही। कार्यक्रम का संचालन आदिति, अर्चना और अंबिका ने सफलतापूर्वक किया। छात्र-छात्राओं का उत्साह और अनुशासन देखने लायक था।

प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक प्रो. विकास कुमार पटेल ने कहा, “जिए ऐसे जैसे कल मरना है और सीखे ऐसे जैसे हमेशा जीना है।” उन्होंने शिक्षा को राष्ट्र निर्माण की नींव बताया। शिक्षक प्रभात कुमार ने ज्ञान के महत्व को रेखांकित करते हुए छात्रों को आत्मविश्लेषण और आत्मविकास की प्रेरणा दी।
नोडल प्रभारी कोस्तुक सौरव ने डॉ. राधाकृष्णन की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए शिक्षक दिवस के महत्व को बताया। डॉ. विजय गुप्ता ने शिक्षकों की भूमिका को चरित्र निर्माण से जोड़ा। वहीं, राहुल रमण ने कविता के माध्यम से शिक्षकों को राष्ट्र निर्माता बताया।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन सुनील कुमार ठाकुर ने किया। मौके पर सलोनी कुमारी, रोहित कुमार, शालिनी कुमारी, रोशनी कुमारी, मंजीत कुमार सहित कई छात्र उपस्थित थे।

