
समस्तीपुर, 05 फरवरी (समस्तीपुर डेस्क) बिथान प्रखंड क्षेत्र के पीएसपी प्लस टू उच्च विद्यालय बिथान के सभागार में गुरुवार को शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के सभी प्राथमिक, उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक व प्रभारी प्रधानाध्यापक शामिल हुए। बैठक का शुभारंभ प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार मिश्र ने दीप प्रज्वलित कर किया।

बैठक को संबोधित करते हुए बीईओ ने अपार आईडी शीघ्र जेनरेट करने, ड्रॉपआउट, अनामांकित व छूटे हुए बच्चों की सूची तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यालयों में एफआरएस चेहरा पहचान प्रणाली को अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया।मनोज कुमार मिश्र ने स्पष्ट कहा कि शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार के लिए डिजिटल व प्रशासनिक प्रक्रियाओं में किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। नियोजित व विशिष्ट शिक्षकों की सेवा पुस्तिका अद्यतन करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में नामांकन बढ़ाने, नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने समस्याएं व सुझाव रखे। बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

