समस्तीपुर, 5 सितम्बर (अशोक “अश्क”) शहर के आरएनएआर कॉलेज गेट पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को दोपहर के समय बाइक सवार बदमाशों ने कॉलेज गेट पर कई राउंड गोलियां चलाकर दहशत फैलाई थी। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्पित कुमार उर्फ छोटे सरकार (निवासी- बारह पत्थर, नगर थाना क्षेत्र), गौतम कुमार (निवासी- लोहागीर, उजियारपुर थाना क्षेत्र) और पंकज कुमार (निवासी- धुरलख, मुफस्सिल थाना क्षेत्र) के रूप में की गई है। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि तीनों आरोपी वारदात में प्रत्यक्ष रूप से शामिल थे। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया था, जो जांच में अहम सुराग बना। कॉलेज के प्रिंसिपल ने बताया कि 3 सितंबर को दोपहर 12:30 से 1:00 बजे के बीच 10 से 12 की संख्या में असामाजिक तत्व, पांच से छह बाइक पर सवार होकर कॉलेज परिसर में घुसे और गेट पर फायरिंग करने लगे। इसके बाद वे फरार हो गए।
घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने गार्ड के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई थी, लेकिन त्वरित कार्रवाई कर पुलिस ने लोगों में विश्वास बहाल किया है। मामले की जांच जारी है।

