समस्तीपुर, 31 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर समस्तीपुर जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी से तैयारियों में जुट गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा ने सभी निर्वाची पदाधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा कि जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में महिला मतदान केंद्र (पिंक बूथ), आदर्श मतदान केंद्र (मॉडल बूथ), युवा मतदान केंद्र तथा पीडब्ल्यूडी (दिव्यांग अनुकूल) मतदान केंद्रों की सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं।

जारी पत्र के अनुसार, बिहार विधानसभा चुनाव में मतदान की तिथि 6 नवम्बर 2025 (गुरुवार) सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित की गई है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार महिला मतदाताओं की सुविधा के लिए पिंक बूथ, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने हेतु युवा मतदान केंद्र, और दिव्यांग मतदाताओं के लिए पीडब्ल्यूडी बूथ बनाए जा रहे हैं।

डीएम कुशवाहा ने निर्देश दिया कि सभी सहायक निर्वाची पदाधिकारी अपने-अपने प्रखंड विकास पदाधिकारियों के माध्यम से इन विशेष बूथों पर पेयजल, शौचालय, रैम्प, प्रतीक्षालय, शेड और व्हीलचेयर जैसी सभी सुविधाएं 3 नवम्बर 2025 तक सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि हर मतदाता—चाहे महिला हो, युवा हो या दिव्यांग—सुविधाजनक माहौल में मतदान कर सके।

