
गोपालगंज,निज संवाददाता। जिले में पुलिस मुठभेड़ में घायल 50 हजार का इनामी अपराधी आकाश कुमार का इलाज फिलहाल पटना के पीएमसीएच अस्पताल में चल रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आकाश कुमार को हरियाणा से गिरफ्तार कर गोपालगंज लाया गया था। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर अवैध हथियार बरामद करने के लिए पुलिस टीम उसे लेकर सुंदरपट्टी इलाके में गई थी,जहां उसने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आकाश के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। घायल अवस्था में पहले उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। एसपी विनय तिवारी ने बताया कि आकाश कुमार लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ हत्या,हत्या के प्रयास,लूट,रंगदारी व आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने घटनास्थल से एक अवैध हथियार,जिंदा कारतूस और खोखे भी बरामद किए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आकाश को जिले का एक साइको क्रिमिनल माना जाता है। हाल ही में उसने थावे क्षेत्र के एक व्यवसायी से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। इसके अलावा मीरगंज में दिनदहाड़े एक बाइक सवार को गोली मारने की घटना में भी उसका नाम सामने आया था, जिसके बाद से वह पुलिस की सूची में सबसे वांछित अपराधियों में शामिल था। एनकाउंटर के बाद पुलिस अब आकाश के गैंग और उसके सहयोगियों के नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से जिले में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल और संबंधित इलाकों में पुलिस चौकसी बढ़ा दी गई है। पुलिस इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता मान रही है। अधिकारियों का कहना है कि आकाश से पूछताछ के आधार पर जिले में हाल के दिनों में हुई कई आपराधिक घटनाओं के खुलासे की उम्मीद है।

